दीपक श्रीवास्तव
सशक्त समाज के लिए अन्याय और भेदभाव को खत्म करना जरूरी:पूर्व सांसद धनंजय सिंह
जौनपुर, 03 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में राष्ट्रवादी नौजवान सभा की ओर से शुक्रवार को नागेश्वर सिंह घाट, बंसफा, सिकरारा में “शाम इंकलाबी” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, शहादत और राष्ट्रसेवा का संदेश गूंजा। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष, त्याग और विचारों को याद कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में राष्ट्रवादी नौजवान सभा के संस्थापक एवं पूर्व सांसद धनंजय सिंह मौजूद रहे। उन्होंने भगत सिंह के क्रांतिकारी विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि भगत सिंह के लिए आजादी केवल विदेशी शासन से मुक्ति तक सीमित नहीं थी। वह ऐसे समाज की कल्पना करते थे, जिसमें शोषण, अन्याय और भेदभाव के लिए कोई स्थान न हो। सशक्त समाज के निर्माण के लिए अन्याय और भेदभाव को समाप्त करना होगा।
उन्होंने कहा कि भगत सिंह का जीवन युवाओं को साहस, स्वतंत्र चिंतन, तर्कशीलता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देता है। युवाओं को उनके विचारों को केवल पुस्तकों और स्मृतियों तक सीमित न रखकर अपने आचरण और सामाजिक जिम्मेदारियों में उतारना चाहिए।
धनंजय सिंह ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को भी याद किया। उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों के विचार आज भी समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्रसेवा, सामाजिक एकता और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। आयोजकों ने कार्यक्रम में शामिल हुए नागरिकों, युवाओं और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ हुआ।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें