लायन्स क्लब जौनपुर मेन ने चलाया स्वच्छता संकल्प अभियान, किया सफाई कर्मचारियों को सम्मानित

दीपक श्रीवास्तव 
लायन्स क्लब जौनपुर मेन ने चलाया स्वच्छता संकल्प अभियान, किया सफाई कर्मचारियों को सम्मानित
महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा था-राजीव श्रीवास्तव


जौनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर लायन्स क्लब जौनपुर मेन द्वारा गांधी पार्क, खरका तिराहा पर विशेष स्वच्छता संकल्प कार्यक्रम चलाया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई गई। इस दौरान सदस्यों ने बापू के बताए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
 इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया तथा लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की स्वच्छता शपथ ली। 
  इस अवसर पर नगर में प्रतिदिन साफ-सफाई कर शहर को स्वच्छ रखने वाले नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों नियाज़, फिरोज, राहुल, अमित, सलीम, वाजिद, मोहम्मद मेराज, विनोद व आशीष को सम्मानित किया गया।
 इस दौरान अध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को राष्ट्र निर्माण से जोड़ा था। स्वच्छ भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को केवल अभियान न मानकर अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
   चीफ सेक्रेट्री सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा ने कहा कि महात्मा गांधी जी की जयंती पर स्वच्छता अभियान चलाना उनके विचारों और आदर्शों को व्यवहार में उतारने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सड़क और पार्क की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ विचार, स्वच्छ व्यवहार और स्वच्छ वातावरण मिलकर एक बेहतर समाज का निर्माण करते हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
   इस अवसर पर सचिव रितेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र मौर्य, रविन्द्र प्रताप सिंह, संदीप गुप्ता, डॉ सुशील अग्रहरी, संजय श्रीवास्तव, अवधेश गिरि, नित्यानंद पाण्डेय, नीरज कुमार आदि उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ