जन्माष्टमी कार्यक्रम में आपत्तिजनक गीत पर पुलिसकर्मी के नृत्य का वीडियो वायरल

दीपक श्रीवास्तव 

जन्माष्टमी कार्यक्रम में आपत्तिजनक गीत पर पुलिसकर्मी के नृत्य का वीडियो वायरल


एसआई जयप्रकाश यादव के नृत्य का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित; सीओ ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया


जौनपुर, 08 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के पवारा थाने में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के कथित तौर पर आपत्तिजनक लोकगीत पर नृत्य करने का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिसकर्मियों के आचरण और थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम की मर्यादा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, चार सितंबर को पवारा थाने में जन्माष्टमी के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में भक्ति गीतों के बजाय लोकगीत बजाए गए। इसी दौरान हेड मुहर्रिर राजेश यादव द्वारा ‘आवा ओढ़ा दे अचरवा बलम जी...’ लोकगीत गाया गया। गीत के दौरान एसआई जयप्रकाश यादव नृत्य करते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम में कई पुलिसकर्मियों के साथ स्थानीय लोग भी मौजूद थे।

बताया गया कि कार्यक्रम थानाध्यक्ष विनोद कुमार की देखरेख में थाना परिसर में आयोजित हुआ था। मंगलवार को कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। लोगों का कहना है कि धार्मिक पर्व पर थाना परिसर में कार्यक्रम आयोजित करना सामान्य बात है, लेकिन ऐसे आयोजनों में गीतों के चयन और पुलिसकर्मियों के आचरण में मर्यादा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

वर्दी में पुलिसकर्मी के इस तरह नृत्य करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की छवि और विभागीय अनुशासन को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।

इस संबंध में मछलीशहर के क्षेत्राधिकारी परमानंद कुशवाहा ने बताया कि वीडियो अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। वीडियो उपलब्ध होने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी और उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.


कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ