दीपक श्रीवास्तव
सपा विधायक डॉ रागिनी सोनकर का भाजपा पर हमला, बोलीं- विपक्ष को एकजुट होकर लड़ना चाहिए
भाजपा पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है:डॉ रागिनी सोनकर
जौनपुर, मछलीशहर से समाजवादी पार्टी की विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने बसपा सुप्रीमो मायावती के अकेले चुनाव लड़ने के फैसले को उनका आंतरिक निर्णय बताया। उन्होंने कहा कि मायावती पार्टी की शीर्ष नेता हैं और अपने फैसले लेने में सक्षम हैं। चुनाव के दौरान उनके निर्णय का असर सामने आएगा।
चंद्रशेखर आजाद पर तंज कसते हुए विधायक ने कहा कि यदि कोई वास्तव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ लड़ रहा है तो उसके वक्तव्यों से जनता समझ सकती है कि वह किसके समर्थन में है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ मजबूती से लड़ना चाहिए। आरोप लगाया कि भाजपा पिछड़ों और दलितों के आरक्षण को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर कई नए बयान सुनने को मिलेंगे, लेकिन उनका जनता के वास्तविक मुद्दों से कोई संबंध नहीं होगा। राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जांच की बात कही थी, जनता जानना चाहती है कि वह जांच कहां तक पहुंची और दोषी कौन हैं।
अंकित बालियान प्रकरण पर उन्होंने कहा कि उनके परिवार को न्याय मिलना चाहिए। भाजपा पर दोहरे चरित्र का आरोप लगाते हुए कहा कि दलित समाज के लोगों के साथ हो रही घटनाओं पर सरकार गंभीर नहीं है।
दिल्ली में महिला पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी पर विधायक ने कहा कि यह भाजपा के दोहरे चरित्र को दर्शाता है। उन्होंने पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए मामले में कार्रवाई और एफआईआर की मांग की।
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि जौनपुर में विकास की स्थिति खराब है। बारिश में सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं और स्कूलों की स्थिति भी चिंताजनक है। उन्होंने दावा किया कि मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र के एक जर्जर विद्यालय की मरम्मत के लिए डीएम और बीएसए को पत्र दिया गया, लेकिन अब तक न फंड मिला और न मरम्मत हुई। उन्होंने बेरोजगारी, उद्योगों की बदहाली और महिला सुरक्षा को भी प्रमुख चुनावी मुद्दा बताया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें