संस्कार भारती का 37वां बाल गोकुलम श्री राधाकृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता भव्य रूप से संपन्न

दीपक श्रीवास्तव 
संस्कार भारती का 37वां बाल गोकुलम श्री राधाकृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता भव्य रूप से संपन्न
राधा-कृष्ण के मनमोहक स्वरूपों में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन, भारतीय संस्कृति और संस्कारों का दिया संदेश

जौनपुर, 08 सितंबर। कला एवं साहित्य को समर्पित अखिल भारतीय संस्था संस्कार भारती जौनपुर के तत्वावधान में  नगर स्थित सिद्धार्थ उपवन में 37वां बाल गोकुलम श्री राधाकृष्ण रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने लल्ला, श्री राधा और श्रीकृष्ण का मनमोहक स्वरूप धारण कर भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और संस्कारों की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह, मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, विशिष्ट अतिथि विनीत सेठ, उद्योगपति मनोज अग्रहरि, संस्था के संरक्षक रविंद्र नाथ, अध्यक्ष डॉ. ज्योति दास, काशी प्रांत महामंत्री सुजीत श्रीवास्तव और महामंत्री अमित गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मां सरस्वती, भगवान नटराज और श्री राधा-कृष्ण की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर पूजन किया गया। इसके बाद संस्था के सदस्यों ने ध्येय गीत प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता में पहले लल्ला वर्ग और इसके बाद श्री राधा एवं श्रीकृष्ण वर्ग के बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। आकर्षक वेशभूषा और मनमोहक स्वरूपों ने उपस्थित लोगों का ध्यान खींचा। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने संस्कार भारती की स्थापना और उसके गौरवपूर्ण इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था जिन उद्देश्यों के साथ स्थापित हुई थी, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बच्चों को भारतीय संस्कृति, कला और संस्कारों से जोड़ने के प्रयास की सराहना की।
विनीत सेठ ने कहा कि वर्तमान परिवेश में नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। मनोज अग्रहरि ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं। कार्यक्रम अध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्था के संरक्षक एवं प्रथम अध्यक्ष डॉ. अरुण मिश्रा ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए आयोजन की 37 वर्षों की यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त की।
प्रतियोगिता के परिणाम
लल्ला वर्ग में शिवाली श्रीवास्तव प्रथम, वंशिका आर्या द्वितीय और कृश तृतीय रहे। श्री राधा वर्ग में शिवांगी अग्रहरि प्रथम, दिव्यांशी सिंह द्वितीय और अनायसा जायसवाल तृतीय रहीं। श्रीकृष्ण वर्ग में देव अग्रहरि प्रथम, मनन सेठ द्वितीय और कविश उपाध्याय तृतीय रहे।
प्रतियोगिता के बाद लल्ला, श्री राधा और श्रीकृष्ण के सभी स्वरूपों की सामूहिक आरती की गई। मुख्य अतिथि मनोरमा मौर्या ने विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। निर्णायक मंडल की सदस्य सुषमा गुप्ता, अर्चना सिंह और कलाविद नवीन विश्वकर्मा को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला उपाध्यक्ष ऋषि श्रीवास्तव ने किया। महामंत्री अमित गुप्ता ने अतिथियों, अभिभावकों और सदस्यों के प्रति आभार जताया। कार्यक्रम संयोजक अभिताश गुप्ता और दीपक श्रीवास्तव ने आयोजन की सफलता में सहयोग करने वालों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी, सदस्य, अभिभावक और बड़ी संख्या में गणमान्यजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन के साथ हुआ। आयोजन ने बच्चों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ