लग्जरी कार से पहुंचे नकाबपोश चोर, कटर से काटकर मंदिर का घंटा ले उड़े
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात, श्रद्धालुओं में आक्रोश; पुलिसिंग पर उठे सवाल
जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के भूपतपट्टी स्थित शिव-पार्वती मंदिर में नकाबपोश चोरों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोर लग्जरी कार से मंदिर परिसर पहुंचे और कटर की मदद से मंदिर में लगा घंटा काटकर फरार हो गए। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में चोरों की गतिविधियां कैद हुई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से मौके से निकल गए। घटना की जानकारी होने पर मंदिर के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
लोगों का कहना है कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े होते हैं। श्रद्धालुओं ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें