बारिश में जर्जर छज्जा गिरने से महिला घायल जिला अस्पताल में भर्ती

दीपक श्रीवास्तव 
बारिश में जर्जर छज्जा गिरने से महिला घायल जिला अस्पताल में भर्ती 

जौनपुर, 1 सितंबर । यूपी के जौनपुर में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में सोमवार शाम बारिश के दौरान मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में छज्जे के नीचे मौजूद महिला मलबे में दबकर घायल हो गई। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायल महिला की पहचान पिलखिनी निवासी किरन (40) पत्नी विनोद कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि मकान का छज्जा काफी समय से जर्जर हालत में था। सोमवार शाम बारिश के दौरान अचानक छज्जा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से किरन घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका उपचार चल रहा है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना में कोई अन्य हताहत नहीं हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ