आकाशीय बिजली से महिला की मौत पर स्वजन को दी चार लाख की सहायता,पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे राज्यमंत्री, बंधाया ढांढस


दीपक श्रीवास्तव 
आकाशीय बिजली से महिला की मौत पर स्वजन को दी चार लाख की सहायता,पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे राज्यमंत्री, बंधाया ढांढस


जौनपुर 1 सितंबर।संकट की घड़ी में अपनों का दर्द बांटने के लिए खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव रविवार देर शाम खुटहन थाना अंतर्गत लतीफपुर-2 बहादुरपुर गांव पहुंचे। उन्होंने आकाशीय बिजली की चपेट में आने से जान गंवाने वाली नगीना देवी के स्वजन से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही मृतका के पति रामबृज को राज्य आपदा मोचक निधि से स्वीकृत चार लाख रुपये की सहायता राशि का प्रमाणपत्र सौंपा।

बहादुरपुर गांव निवासी रामबृज की पत्नी नगीना देवी की 24 अगस्त को आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया था। राज्यमंत्री की पहल पर शासन की ओर से परिवार को राज्य आपदा मोचक निधि के तहत चार लाख रुपये की सहायता स्वीकृत की गई। रविवार को राज्यमंत्री ने स्वयं गांव पहुंचकर स्वीकृति प्रमाणपत्र परिजनों को सौंपा।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा में किसी अपने को खोने का दर्द बेहद पीड़ादायक होता है। सरकार ऐसे परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
राज्यमंत्री ने सदर विधानसभा क्षेत्र के अन्य दुर्घटना प्रभावित गांवों में भी पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस मौके पर एसडीएम अंकुर वर्मा, प्रधान प्रतिनिधि रमेश बिंद, भाजपा नेता राजू बिंद, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरेंद्र यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ