राम मंदिर प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

दीपक श्रीवास्तव 
राम मंदिर प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

जौनपुर, 25 जून । अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और दान सामग्री के गायब होने के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। शहर अध्यक्ष आरिफ खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
ज्ञापन में कांग्रेस ने श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने तथा जिम्मेदार लोगों की भूमिका की निष्पक्ष पड़ताल कराने की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना था कि मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए धन, सोना-चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुओं को लेकर उठ रहे सवालों से करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं जुड़ी हुई हैं, इसलिए पूरे मामले की पारदर्शी जांच आवश्यक है।
शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज न होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जजों के पैनल की निगरानी में कराई जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में राम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच, ट्रस्ट में हुई नियुक्तियों की समीक्षा तथा मंदिर से संबंधित भूमि खरीद-फरोख्त के मामलों की भी जांच कराने की मांग की। पार्टी ने कहा कि यदि किसी स्तर पर अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
प्रदर्शन में कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी संस्थान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ