दीपक श्रीवास्तव
गोमती पर पीपे के पुल का लोकार्पण, शहर को जाम से मिलेगी राहत
66.75 लाख की लागत से बना प्लाटून पुल, कई मोहल्लों के आवागमन में होगी सुविधा
जौनपुर। शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए रविवार को बदलापुर पड़ाव से तूतिपुर तक गोमती नदी पर बने प्लाटून पुल (पीपे का पुल) का लोकार्पण किया गया। खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विधिवत पूजन कर पुल को जनता को समर्पित किया।
लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब 66.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस अस्थायी पुल के चालू होने से शहर के कई प्रमुख मोहल्लों के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और जाम की समस्या में कमी आएगी।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ने कहा कि गोमती नदी शहर को दो हिस्सों में विभाजित करती है, जिससे सीमित पक्के पुलों के कारण लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इससे पहले सिपाह-अचला देवी घाट से मियापुर तक एक प्लाटून पुल बनाया गया है और अब दूसरा पुल शुरू होने से बदलापुर पड़ाव, कटघरा, ताड़तला, मखदूम शाह अढ़न, अबीरगढ़ टोला, तूतिपुर, पानदरीबा व पुरानी बाजार समेत कई क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि शास्त्री पुल के समानांतर बन रहे नए पक्के पुल के निर्माण में देरी पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत की थी, जिसके बाद कार्रवाई हुई है और अब जल्द ही निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव मिश्रा, नगर अध्यक्ष कमलेश निषाद, जिला महामंत्री अजय सिंह, मनीष श्रीवास्तव, सुरेंद्र सिंघानिया समेत अन्य जनप्रतिनिधि व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें