प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर भीषण हादसा रोडवेज बस खड़ी ट्रक से टकराई, चालक की मौत, 9 यात्री घायल

दीपक श्रीवास्तव 
प्रयागराज-जौनपुर हाईवे पर भीषण हादसा रोडवेज बस खड़ी ट्रक से टकराई, चालक की मौत, 9 यात्री घायल

जौनपुर 21 मार्च । यूपी के जौनपुर में मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के प्रयागराज - मुंगरा बादशाहपुर हाईवे पर कोदहूं के पास शनिवार को अल सुबह करीब साढ़े पांच बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में सिविल लाइन्स डिपो की एक रोडवेज बस खड़ी ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक सिविल लाइन्स डिपो की रोडवेज बस UP 70/ QT 3038 करीब 35 से अधिक यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस कोदहूं गांव के समीप पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही मुंगरा बादशाहपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को बस से बाहर निकलवा कर एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगरा बादशाहपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। वही एक घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया। इस दुर्घटना में बस चालक सतीश गुप्ता (45)पुत्र शीतला प्रसाद गुप्ता निवासी ग्राम लवायन भावनपुर थाना खुटहन, जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।इस हादसे में राकेश कुमार (48) निवासी शकापुर, थाना सुजानगंज जौनपुर, मयंक सिंह (30)  निवासी रवानिया कादीपुर , थाना करौंदी कला सुल्तानपुर, अनिल पटेल (30) निवासी कुंडरिया, थाना पवारा जौनपुर, राजकुमार (43 ) निवासी शकापुर , थाना सुजानगंज जौनपुर, रामचंद्र निषाद (50) निवासी उमरी, थाना बदलापुर जौनपुर, सूरज कुमार (29) निवासी मरगुपुर , थाना तेजीबाजार जौनपुर, राहुल कुमार (28) निवासी आहोपुर , थाना सिंगरामऊ जौनपुर, प्रमोद कुमार यादव निवासी बरियाराम, थाना सराय ममरेज प्रयागराज तथा नीरज बिंद निवासी मेढ़ा, थाना खुटहन जौनपुर गंभीर रूप से घायल हो गया है।सभी घायलों का इलाज चल रहा है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस संबंध में थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को ड्राइवर को झपकी आना या ब्रेक फेल हाने से दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। वैसे सही जानकारी तो जांच के बाद ही सामने आएगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ