जेल में बंद विचाराधीन बंदी की उपचार के दौरान मौत, जेल प्रशासन ने कहा—सांस लेने में हो रही थी दिक्कत

दीपक श्रीवास्तव 
जेल में बंद विचाराधीन बंदी की उपचार के दौरान मौत, जेल प्रशासन ने कहा—सांस लेने में हो रही थी दिक्कत
जौनपुर, 21 फरवरी । यूपी के जौनपुर में लाइन बाजार थाना अंतर्गत जिला कारागार में बंद एक विचाराधीन बंदी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान अजीत कुमार गौतम (24) पुत्र बनवारी लाल गौतम), निवासी ग्राम महमहूदपुर (अरसिया), थाना सरपतहाँ के रूप में हुई है।
 सरपतहाँ पुलिस ने विभिन्न धाराओं 331(4), 317(2) बीएनएस में दर्ज चोरी के एक मामले में अजीत कुमार को 19 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से पीली व सफेद धातु के आभूषण, कपड़े तथा नगद रुपये बरामद किए गए थे। विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया था।बंदी ने  20 फरवरी को सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की। जेल चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक जांच के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुक्रवार को उसकी तबीयत अधिक बिगड़ने पर उसे भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हो सका। देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृत्यु की सूचना गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में शनिवार को जेल अधीक्षक पवन कुमार द्विवेदी ने बताया कि बंदी 19 फरवरी को जेल आया था और उस समय सामान्य स्थिति में था। 20 फरवरी को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत पर डॉक्टर को दिखाया गया, जिन्होंने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर इलाज के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ