दीपक श्रीवास्तव
सीयूईटी पीजी में आहना यादव ने रचा इतिहास, अंग्रेजी विषय में देशभर में प्रथम स्थान
जौनपुर,29 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित सीयूईटी पीजी प्रवेश परीक्षा में जिले की प्रतिभाशाली छात्रा आहना यादव ने ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए अंग्रेजी विषय में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। आहना ने 300 अंकों के पूर्णांक में 287 अंक अर्जित कर यह उपलब्धि हासिल की, वहीं संयुक्त मेरिट सूची में उन्हें देशभर में चौथा स्थान मिला है।
नगर के गूलरघाट निवासी शिक्षक संजय यादव और मनोरमा यादव की पुत्री आहना यादव बचपन से ही मेधावी रही हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर में ही पूरी की और उच्च शिक्षा के लिए राजस्थान स्थित बनस्थली विश्वविद्यालय का चयन किया। अंग्रेजी विषय में परास्नातक करने की इच्छा से उन्होंने सीयूईटी पीजी परीक्षा में प्रतिभाग किया और अपनी मेहनत व लगन के बल पर पूरे देश में सर्वोच्च अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
आहना की इस सफलता से परिजनों सहित पूरे जनपद में खुशी की लहर है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और गुरुओं के मार्गदर्शन को दिया है। आहना का सपना शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट करियर बनाकर देश और समाज की सेवा करना है।
परिवार में भी शिक्षा का माहौल है। उनके बड़े भाई कनिष्क कुणाल सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं, जबकि छोटे भाई कृतज्ञ कल्याण दिल्ली विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। आहना की इस उपलब्धि पर शिक्षक राधेश्याम, व्यापार मंडल अध्यक्ष इन्द्रभान सिंह ‘इन्दू’, शिक्षक नेता संतोष सिंह, राम प्रसाद, मिथिलेश सिंह ‘गुड्डू’ और पत्रकार विद्याधर राय ‘विद्यार्थी’ सहित कई लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें