दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर जंक्शन पर आंधी-बारिश का कहर, पेड़ गिरने से ओएचई लाइन टूटी, बड़ा हादसा टला
जौनपुर,। यूपी के जौनपुर में बुधवार शाम आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के चलते जौनपुर जंक्शन पर एक बड़ा हादसा टल गया। स्टेशन परिसर में खड़ा एक पुराना पीपल का पेड़ अचानक गिरकर दो ट्रेनों के पास जा गिरा, जिससे ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन टूट गई और रेल यातायात प्रभावित हो गया। इस घटना में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ।
बुधवार शाम करीब 4:30 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी मुंबई से गोरखपुर जा रही काशी एक्सप्रेस (15017) और प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर बरेली जाने के लिए तैयार जौनपुर-रायबरेली पैसेंजर ट्रेन इसकी चपेट में आ गईं।
तेज तूफान के कारण स्टेशन परिसर का एक पुराना पीपल का पेड़ उखड़कर ट्रेनों के पास गिर गया। इस घटना से ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और रेलवे ट्रैक पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे ट्रेनों का संचालन रुक गया।
हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे स्टाफ और आरपीएफ की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और पेड़ की डालियों को हटाने का कार्य किया। इस कारण जौनपुर-शाहगंज-फैजाबाद रेल मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया।इस मामले में जानकारी लेने पर
स्टेशन अधीक्षक राम प्रकाश ने बताया कि प्लेटफॉर्म नंबर 6 के पास पेड़ गिरने से ट्रैक बाधित हुआ था, लेकिन किसी ट्रेन को नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे के इंजीनियर और कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं और जल्द ही ट्रैक को पूरी तरह साफ कर रेल संचालन बहाल कर दिया जाएगा।करीब ढाई घंटे तक कई ट्रेनें स्टेशन पर खड़ी रहीं। इस दौरान वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी और जनता एक्सप्रेस सहित लगभग 6 ट्रेनें प्रभावित हुईं। ओएचई लाइन की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया गया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें