दीपक श्रीवास्तव
मुख्य मंत्री पोर्टल पर शिकायत पर अवैध रूप से संचालित लक्ष्मी नर्सिंग होम सीज
जौनपुर। रामपुर थाना अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से महज लगभग 200 मीटर की दूरी पर बिना पंजीकरण के धड़ल्ले से संचालित हो रहे लक्ष्मी नर्सिंग होम पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सीज कर दिया। यह कार्रवाई मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रभात कुमार के निर्देश पर की गयी।
बताया जाता है कि उक्त नर्सिंग होम के खिलाफ स्थानीय निवासी सोनू गुप्ता द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल एवं जिलाधिकारी को लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अस्पताल में बिना मान्यता के प्रसव सहित अन्य चिकित्सीय कार्य अवैध रूप से कराए जा रहे हैं जिससे मरीजों की जान को खतरा बना हुआ था।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी ने जांच के आदेश दिए। इसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. प्रभात यादव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन संचालित पाया गया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से नर्सिंग होम को सीज कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना मान्यता के संचालित किसी भी अस्पताल या नर्सिंग होम के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें