दीपक श्रीवास्तव
टीडी इंटर कॉलेज में सुविधाओं का विस्तार, कम फीस में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई शुरू: प्रधानाचार्य
जौनपुर। टीडी इंटर कॉलेज में विद्यालय के समग्र विकास, आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और शैक्षणिक सुधारों को लेकर प्रधानाचार्य डॉ. सत्य प्रकाश सिंह ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष से पहली बार विद्यालय में कक्षा 6 से 11 तक अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई का सफल संचालन शुरू किया गया है।
प्रधानाचार्य ने कहा कि मात्र 25 रुपये फीस में छात्रों को सीबीएसई पैटर्न के बड़े स्कूलों की तर्ज पर कुशल शिक्षकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। विद्यालय में प्रतिदिन संस्कारयुक्त प्रार्थना सभा आयोजित होती है, जिसमें गायत्री मंत्र, राष्ट्रगान और प्रेरक प्रसंग शामिल होते हैं। इसके अलावा प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ भी कराया जाता है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे महंगे निजी स्कूलों के बजाय इस विद्यालय पर भरोसा करें, जहां कम लागत में बेहतर शिक्षा और सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके विद्यालय में अन्य सीबीएसई पैटर्न स्कूलों से बेहतर शिक्षण व्यवस्था और योग्य शिक्षक मौजूद हैं।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, परिसर में सीसीटीवी कैमरे और बड़े मॉनिटर लगाए गए हैं। बालिका भवन में छात्राओं की सुरक्षा के लिए दिन में पुरुष सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं। दिव्यांग शौचालय, इंटरलॉकिंग सड़क, हरा-भरा लॉन, 15 केवी जनरेटर, सबमर्सिबल पंप और स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ सिस्टम की व्यवस्था की गई है।
छात्राओं के स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। विद्यालय मैदान को अतिक्रमण मुक्त कर पुनः उपयोग में लाया गया है। कक्षाओं में पंखों की संख्या बढ़ाई गई है तथा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए स्केटिंग, बॉक्सिंग और मल्लखंभ के प्रशिक्षकों की व्यवस्था की गई है।
मुख्य भवन में मध्याह्न भोजन योजना के तहत छात्रों को निःशुल्क भोजन दिया जा रहा है। परिसर में देशभक्ति से प्रेरित वॉल पेंटिंग, ग्लो-शाइन बोर्ड, संस्थापक की प्रतिमा स्थल पर मंदिर निर्माण और पार्किंग की सुविधा भी विकसित की गई है।
इसके अलावा प्रधानाचार्य कक्ष का सुदृढ़ीकरण, अत्याधुनिक प्रयोगशाला का निर्माण, तालाब का विकास, पोर्टिको में ग्रेनाइट कार्य, वाटर कूलर की व्यवस्था और मार्कण्डेय सिंह सभागार के विस्तार के साथ नई सीढ़ियों का निर्माण जैसे कई कार्य पूर्ण किए गए हैं।विद्यालय प्रशासन ने बताया कि आगे भी छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता को लगातार उन्नत किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें