नगर पंचायत विवाद में मारपीट, वीडियो वायरल; सभासद गिरफ्तार, रजिस्टर पर फर्जी हस्ताक्षर का आरोप

दीपक श्रीवास्तव 
नगर पंचायत विवाद में मारपीट, वीडियो वायरल; सभासद गिरफ्तार, रजिस्टर पर फर्जी हस्ताक्षर का आरोप
जौनपुर। खेतासराय थाना क्षेत्र में नगर पंचायत की प्रस्तावित बोर्ड बैठक को लेकर चल रहा विवाद सोमवार देर शाम मारपीट में बदल गया। गोलाबाजार वार्ड के सभासद प्रतिनिधि अनिल प्रजापति के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने सभासद सतीश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सीसीटीवी कैमरे में कैद होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम चौराहे के पास स्थित एक लकड़ी के टाल पर बैठे अनिल प्रजापति के पास सभासद सतीश यादव पहुंचे। आरोप है कि कहासुनी के बाद उन्होंने अनिल के साथ मारपीट की और नगर पंचायत का रजिस्टर भी फाड़ दिया। इस घटना में अनिल प्रजापति घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज, सरकारी रजिस्टर फाड़ने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि विवाद नगर पंचायत की प्रस्तावित बोर्ड बैठक को लेकर हुआ। सोमवार को बैठक कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दी गई थी। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा नगर पंचायत कार्यालय के बजाय कस्बे की एक आरा मशीन पर बैठक दिखाकर एजेंडा और उपस्थिति रजिस्टर पर हस्ताक्षर कराने का प्रयास किया जा रहा था, जिससे विवाद बढ़ गया।
वहीं, नगर पंचायत चेयरमैन वसीम अहमद ने बताया कि बैठक कोरम के अभाव में स्थगित कर दी गई थी और रजिस्टर की फोटोकॉपी कराने के लिए कर्मचारी भेजा गया था। इसके बाद की जानकारी उन्हें नहीं है और सभासदों के आरोप निराधार हैं।
इस बीच कई सभासदों—सलीम अहमद, शैलेश यादव, अमित कुमार और विवेक यादव उर्फ गोलू—ने जिलाधिकारी से शिकायत कर बैठक को अवैध बताते हुए निरस्त करने की मांग की है। उनका आरोप है कि एजेंडा व उपस्थिति रजिस्टर में फर्जी हस्ताक्षर कर बजट समेत प्रस्ताव पारित दिखाए गए।
सभासदों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर मुकदमा दर्ज करने तथा जिलाधिकारी की मौजूदगी में नई वैध बैठक कराने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ