दीपक श्रीवास्तव
जौनपुर गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के भदेवरा गांव में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ गांव के पास स्थित एक पोखरे में भैंस का बच्चा नहलाने गए 50 वर्षीय अधेड़ की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
भदेवरा गांव निवासी संजय यादव (50) पुत्र स्व केदार यादव दोपहर के समय अपनी भैंस के बच्चे को नहलाने के लिए गांव के ही समीप स्थित पोखरे पर गए थे। बताया जा रहा है कि बच्चा गहरे पानी की ओर चला गया, जिसे बचाने या पकड़ने के प्रयास में संजय यादव का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में समा गए। पास ही खेल रहे कुछ बच्चों की नजर जब पानी में डूब रहे संजय पर पड़ी, तो उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े।हालांकि, जब तक ग्रामीण वहां पहुँचते और बचाव कार्य शुरू करते, संजय यादव गहरे पानी में पूरी तरह डूब चुके थे। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने जाल डालकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें