होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम ने किया औचक निरीक्षण

दीपक श्रीवास्तव 
होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
जौनपुर, 27 अप्रैल। यूपी के जौनपुर में 19 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित उत्तर प्रदेश होमगार्ड इनरोलमेंट परीक्षा-2025 शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा के तीसरे और अंतिम दिन जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने द्वितीय पाली के दौरान टीडी कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, गुड़, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता की भी जांच की और परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने प्रधानाचार्य को गुड़ भेंट करते हुए इसे परीक्षार्थियों में वितरित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, ताकि किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा न हो। परीक्षा केंद्रों के भीतर ही नहीं, बल्कि बाहर अभिभावकों के लिए भी पेयजल और गुड़ की व्यवस्था की गई थी।
यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित हुई। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चली। परीक्षा को निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 6 जोनल मजिस्ट्रेट और करीब 750 कक्ष निरीक्षक तैनात किए गए थे।
अंतिम दिन प्रथम पाली में 8400 में से 6399 और द्वितीय पाली में 6500 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। तीन दिनों में कुल 50,400 में से 38,774 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जो लगभग 76.93 प्रतिशत उपस्थिति रही। प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी कर परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ