लोहता गांव में दलित परिवार पर हमला, दो महिलाएं घायल; वीडियो वायरल

दीपक श्रीवास्तव 
लोहता गांव में दलित परिवार पर हमला, दो महिलाएं घायल; वीडियो वायरल
जौनपुर,05 अप्रैल । यूपी के जौनपुर स्थित सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के लोहता गांव में रविवार को दबंगों द्वारा एक दलित परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। करीब डेढ़ दर्जन हमलावरों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की, जिसमें दो महिलाएं घायल हो गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। हालांकि इस वायरल वीडियो की पुष्टि  उज्ज्वल हिंदुस्तान नहीं करता है। रविवार को जियालाल गौतम की पत्नी आशा देवी (43) घर में काम कर रही थीं, तभी अचानक डेढ़ दर्जन लोग लाठी-डंडों के साथ उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने सबसे पहले घर परिसर में बंधे मवेशियों को खूंटे से खोलकर भगा दिया।
इसके बाद दबंगों ने आशा देवी और उनकी जेठानी गंगाजली पर हमला कर दिया। दोनों महिलाओं को बुरी तरह पीटा गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी दी और आशा देवी के कपड़े भी फाड़ दिए।
हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ करते हुए सामने बनी रिहायशी मड़ई को धक्का देकर गिरा दिया और उसमें रखा सामान क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही भूसा, चावल, गेहूं और अन्य राशन सामग्री लूट ले जाने का भी आरोप है। पीड़ितों के अनुसार, सभी हमलावर मुंह बांधे हुए थे।
घटना के दौरान परिवार के लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरा परिवार दहशत में है।
पीड़ित परिवार ने सरायख्वाजा थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में जानकारी लेने पर थानाध्यक्ष  अमलेंद्र पांडेय का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द ही उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ