दीपक श्रीवास्तव
पत्रकार अपनी लेखनी की ताकत से समाज और देश को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं: संतोष कुमार गंगवार राज्यपाल
उपजा के प्रांतीय अधिवेशन में पत्रकार हितों के लिए बनी रणनीति: वीरेंद्र चतुर्वेदी
भदोही। उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) के प्रांतीय मंत्री एवं भदोही जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके अधिकारों के लिए संगठन ने ठोस रणनीति तैयार की है। इसके तहत मंडल स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की गई है, जो विभिन्न मुद्दों को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि पत्रकारों से जुड़े वर्षों से लंबित मामलों और दबी फाइलों को संबंधित सक्षम अधिकारियों तक पहुंचाकर उन पर निर्णय कराने का प्रयास किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर संगठन आंदोलन का रास्ता भी अपनाएगा।शनिवार को मुरादाबाद में आयोजित उपजा के प्रांतीय अधिवेशन से लौटने के बाद रविवार को पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जानकारी देते हुए श्री चतुर्वेदी ने कहा कि अधिवेशन अत्यंत सफल रहा। इस दौरान प्रदेश कार्यकारिणी द्वारा “मुरादाबाद संकल्प पत्र” जारी किया गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित कर उसके क्रियान्वयन का संकल्प लिया।
उन्होंने बताया कि अधिवेशन के प्रथम सत्र का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी लेखनी की ताकत से समाज और देश को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि के स्वागत के दौरान जौनपुर के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हसनैन कमर दीपू तथा भदोही की टीम ने संयुक्त रूप से उनका अभिनंदन किया।
वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि “मुरादाबाद संकल्प” के तहत पत्रकारों के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए हैं। इनमें पत्रकारों के लिए चिकित्सा सुरक्षा, आवास सुविधा और वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन देने जैसे मुद्दे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों में इस तरह की सुविधाएं पहले से उपलब्ध हैं और उत्तर प्रदेश में भी इन्हें लागू कराने के लिए संगठन प्रयास करेगा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें