बैग काटकर चोरी करने वाले गिरोह के 2आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख के जेवर बरामद

दीपक श्रीवास्तव 
बैग काटकर चोरी करने वाले गिरोह के 2आरोपी गिरफ्तार, 8 लाख के जेवर बरामद
जौनपुर । लाइनबाजार  थाना अंतर्गत पुलिस ने बैग काटकर चोरी करने वाले गिरोह का सफल खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लगभग 8 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवरात बरामद किए हैं। इस मामले में पिछले दो दिनों में कुल 5 अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने मुकदमा संख्या 61/26 से संबंधित मामले का अनावरण करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पूछताछ में अभियुक्त आबिद हुसैन उर्फ सुक्खा ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ 11 फरवरी 2026 को जौनपुर रोडवेज बस स्टैंड पर दो महिलाओं के बैग काटकर उनके गहने चोरी किए थे। आरोपियों ने बस में महिलाओं की सीट के सामने रखे बैग को निशाना बनाया था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 61.280 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए हैं, जिनमें मंगलसूत्र, झुमका, अंगूठी, चेन, लाकेट और अन्य गहने शामिल हैं। बरामद गहनों की पहचान पीड़ित पक्ष द्वारा कर ली गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में आबिद हुसैन उर्फ सुक्खा (उधमसिंह नगर/मुरादाबाद) और सरवर (मुरादाबाद) शामिल हैं। सरवर के खिलाफ विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ