कायस्थ समाज का होली मिलन समारोह स्थगित,शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े रहने का निर्णय

दीपक श्रीवास्तव 
कायस्थ समाज का होली मिलन समारोह स्थगित,शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़े रहने का निर्णय

जौनपुर। जनपद के विभिन्न कायस्थ संगठनों ने संयुक्त रूप से 15 मार्च को प्रस्तावित सामूहिक होली मिलन समारोह को स्थगित करने का निर्णय लिया है। यह फैसला हाल के महीनों में समाज के कई युवाओं, पदाधिकारियों और परिवारों में हुए आकस्मिक निधन के चलते लिया गया है, जिससे पूरे कायस्थ समाज में शोक की लहर व्याप्त है।
यह निर्णय श्री चित्रगुप्त भगवान पूजन महासमिति जौनपुर के संयोजक सरस चंद श्रीवास्तव (वरिष्ठ अधिवक्ता), ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के जिला अध्यक्ष डॉ. उमाकांत श्रीवास्तव, अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव (एडवोकेट), अखिल भारतीय चित्रांश महासभा के जिला अध्यक्ष दयाल सरन श्रीवास्तव, राष्ट्रीय कायस्थ महापरिषद के जिला अध्यक्ष गिरिजेश श्रीवास्तव, कायस्थ एकता मंच के जिला अध्यक्ष दयाशंकर निगम, श्री चित्रगुप्त सभा के अध्यक्ष रमेंद्र नाथ श्रीवास्तव, कायस्थ संघ अंतर्राष्ट्रीय के जिला अध्यक्ष अजय वर्मा ‘अज्जू’ सहित अन्य संगठनों की सहमति से लिया गया।
संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले कुछ समय से सैकड़ों परिवार शोक से गुजर रहे हैं। बीते एक सप्ताह में भी कई परिवारों में निधन होने से समाज अत्यंत मर्माहत है। यहां तक कि होली के दिन भी एक परिवार में तेरहवीं होने के कारण ऐसे माहौल में उत्सव मनाना उचित नहीं माना गया।
सर्वसम्मति से तय किया गया कि सभी पदाधिकारी शोकाकुल परिवारों के घर जाकर उनके दुःख में सहभागी बनेंगे। वक्ताओं ने कहा कि जौनपुर का कायस्थ समाज सदैव सुख-दुःख में साथ खड़ा रहने की परंपरा निभाता आया है।
समाज के दिवंगत सदस्यों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ