सुल्तानपुर के कुंवर अनुपम सिंह जौनपुर के नए पुलिस कप्तान

दीपक श्रीवास्तव 
सुल्तानपुर के कुंवर अनुपम सिंह जौनपुर के नए पुलिस कप्तान

जौनपुर एसपी डॉ. कौस्तुभ गोरखपुर भेजे गए
जौनपुर।उत्तर प्रदेश शासन ने बुधवार देर रात 24 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया है। इस तबादला सूची के अनुसार, जौनपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नियुक्त किया गया है। वहीं, सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक रहे आईपीएस कुंवर अनुपम सिंह जौनपुर के नए पुलिस कप्तान होंगे।

आईपीएस कुंवर अनुपम सिंह 2013 बैच के अधिकारी हैं। जौनपुर से पहले उन्होंने सुल्तानपुर में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य किया है। इससे पूर्व वह अमरोहा में भी एसपी के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कुंवर अनुपम सिंह मूल रूप से प्रयागराज के निवासी हैं।

उनके पिता राधेश्याम जल संस्थान में कार्यरत थे, जबकि मां शीलादेवी अस्पताल में नर्स थीं। स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कंप्यूटर साइंस (इन्फॉर्मेशन फाइबर ऑप्टिज्म) में सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। उन्होंने निजी नौकरी न करने का फैसला किया और सिविल सेवा में जाने का मन बनाया।
कुंवर अनुपम सिंह ने 2011 में पहली बार सिविल सेवा परीक्षा दी, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने दिल्ली जाकर कोचिंग ली और 2012 में प्री-मेंस परीक्षा पास कर आईपीएस के लिए अर्हता प्राप्त की।

उनकी ट्रेनिंग हैदराबाद में हुई। ट्रेनिंग के दौरान वॉलीबॉल खेलते समय उनके पैर में फ्रैक्चर हो गया था, जिसके कारण उन्हें एक महीने तक बिस्तर पर रहना पड़ा। ट्रेनिंग के बाद उनकी पहली पोस्टिंग मथुरा में बतौर एएसपी हुई थी।

मथुरा में कार्यभार संभालने के तीन महीने बाद ही 2 जून 2016 को जवाहरबाग कांड हुआ था। कुंवर अनुपम सिंह को उस ऑपरेशन में लगाया गया था। इस दौरान उन्होंने कई पुलिसकर्मियों को गोली लगते देखा और खुद भी गोली लगने से बाल-बाल बचे थे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ