जलालगंज में 6 मार्च से शटल एक्सप्रेस का ठहराव शुरू

दीपक श्रीवास्तव 
जलालगंज में 6 मार्च से शटल एक्सप्रेस का ठहराव शुरू 

जौनपुर,।मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रिया सरोज के प्रयासों से लखनऊ–वाराणसी सुपर फास्ट शटल एक्सप्रेस (20401/20402) का ठहराव अब जलालगंज रेलवे स्टेशन पर सुनिश्चित हो गया है। रेलवे प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार यह ठहराव 6 मार्च से प्रभावी होगा। इस निर्णय से जलालगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
लोकसभा में उठाया था मुद्दा
क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को गंभीरता से लेते हुए सांसद ने लोकसभा के प्रश्नकाल के दौरान इस विषय को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने रेल मंत्री को लिखित पत्र सौंपकर जलालगंज स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता विस्तार से बताई थी। अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया था कि मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र के जलालगंज व आसपास के ग्रामीण अंचलों के यात्रियों को लखनऊ और वाराणसी जाने के लिए अन्य स्टेशनों पर निर्भर रहना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त खपत होती है।

मंगलवार को उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर 20401/20402 लखनऊ–वाराणसी सुपर फास्ट शटल एक्सप्रेस के जलालगंज स्टेशन पर ठहराव की पुष्टि की गई। आदेश जारी होते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई और स्थानीय नागरिकों ने सांसद के प्रयासों की सराहना की।
6 मार्च को सांसद प्रिया सरोज जलालगंज रेलवे स्टेशन पहुंचकर शटल एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति होगे।

इस ठहराव से लखनऊ और वाराणसी के बीच नियमित यात्रा करने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा। आसपास के ग्रामीण इलाकों के यात्रियों को अब लंबी दूरी तय कर अन्य स्टेशनों तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही क्षेत्र में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ