भाईदूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर की दीर्घायु की कामना

दीपक श्रीवास्तव 

भाईदूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर की दीर्घायु की कामना

काशी और पूर्वांचल में गोधन कूटने की परंपरा निभाई गई, यमराज और यमुना की कथा से जुड़ा है पर्व

जौनपुर, 11 नवंबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर समेत पूरे देश में बुधवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह का प्रतीक भाईदूज का पर्व श्रद्धा और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं काशी और पूर्वांचल में गोधन कूटने की विशेष परंपरा भी निभाई गई।

ज्योतिषाचार्य श्री राम शर्मा के अनुसार, भाईदूज पर पूजा के लिए सुबह 11:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक अभिजीत मुहूर्त शुभ रहा। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बहनों के हाथों तिलक करवाने से भाइयों को दीर्घायु और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। यह पर्व यमराज और उनकी बहन यमुना की पौराणिक कथा से जुड़ा हुआ है। इसी कारण इसे यम द्वितीया भी कहा जाता है।

यमराज और यमुना से जुड़ी है पौराणिक कथा

ज्योतिषाचार्य ने बताया कि मान्यता के अनुसार, यमुना लंबे समय से अपने भाई यमराज को घर आने का निमंत्रण दे रही थीं। व्यस्तता के कारण यमराज उनके घर नहीं जा पा रहे थे। अंततः यमुना के बार-बार आग्रह करने पर यमराज उनके घर पहुंचे। यमुना ने उनका तिलक कर स्वागत किया और आदर-सत्कार किया। बहन के प्रेम और आतिथ्य से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान दिया। तभी से इस दिन को भाईदूज के रूप में मनाने की परंपरा शुरू हुई।

गोधन कूटने की है विशेष परंपरा

काशी और पूर्वांचल में भाईदूज के अवसर पर गोधन कूटने की परंपरा विशेष रूप से प्रचलित है। इसमें महिलाएं सुबह मूसल की पूजा करती हैं और गोबर से बने गोधन को कूटती हैं। लोकमान्यता के अनुसार, बहनें प्रतीकात्मक रूप से भाई को श्राप देकर गोधन कूटती हैं, ताकि भाई को अकाल मृत्यु से बचाया जा सके।

लोककथा के अनुसार, एक बार यमराज के दरबार में ऐसे व्यक्ति को लाने की चर्चा हुई, जिसे उसकी बहन ने कभी श्राप न दिया हो। जब यमराज उस व्यक्ति को लेने पहुंचे तो उसकी बहन को इसकी जानकारी हो गई। भाई की रक्षा के लिए उसने यमराज को श्राप दिया। मान्यता है कि बहन ने गोबर के एक टुकड़े में यमराज की शक्ति समाहित कर दी थी। इसके बाद पान का पत्ता, सुपारी और इलायची रखकर मूसल से गोधन कूटा गया। इस परंपरा के साथ बहनें भाई की रक्षा और लंबी उम्र की कामना करती हैं।

इस रस्म के तहत कुछ स्थानों पर बहनें प्रायश्चित स्वरूप अपनी जीभ पर कांटा भी चुभाती हैं। इसे साईं का कांटा चुभाना कहा जाता है।

तिलक लगाकर उतारी आरती, खिलाई मिठाई

गोधन कूटने की रस्म पूरी होने के बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और मिठाई खिलाई। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति प्रेम और सम्मान प्रकट किया। इस तरह भाईदूज का पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम, विश्वास, समर्पण और अटूट रिश्ते का संदेश देता है।


कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ