दीपक श्रीवास्तव
अपना दल कमेरावादी के सहयोग से बनेगी प्रदेश की अगली सरकार : डॉ. पल्लवी पटेल
स्थापना दिवस पर प्रयागराज में आयोजित जनसभा में भाजपा सरकार को हटाने और विपक्षी एकता मजबूत करने का किया आह्वान
प्रयागराज, 4 नवंबर (हि.स.)। अपना दल कमेरावादी के स्थापना दिवस पर बुधवार को अपोली बाग स्थित पटेल संस्थान के मैदान में विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल और सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए सत्ता परिवर्तन और व्यवस्था बदलने का आह्वान किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने कहा कि वंचितों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सत्ता परिवर्तन करना कमेरावादियों का लक्ष्य है। कमेरा समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार बदलने के साथ व्यवस्था परिवर्तन का संघर्ष आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को बिना भेदभाव समान अवसर और वंचितों को सत्ता में उचित हिस्सेदारी मिलनी चाहिए।
पार्टी की शीर्ष नेता एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल कमेरावादी ने पूरे प्रदेश में मुद्दा आधारित आंदोलनों और संघर्षों के माध्यम से जनता के जायज सवालों को उठाया है। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे मुद्दों पर व्यापक जन अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रति प्रदेश की जनता की आकांक्षाएं बढ़ी हैं। पिछले वर्षों में मजबूत संगठन तैयार कर सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखा गया है।
उन्होंने कहा कि अब विपक्षी एकता को मजबूत करते हुए भाजपा की डबल इंजन सरकार को हटाने का समय आ गया है। इसमें अपना दल कमेरावादी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद अपना दल कमेरावादी के सहयोग से प्रदेश में अगली सरकार बनेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीएल पटेल तथा संचालन प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव ने किया। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का जिलाध्यक्ष रमेश पटेल एडवोकेट, प्रेमचंद्र पटेल और अभय राज ने शॉल एवं बुके देकर स्वागत किया। महिला जिलाध्यक्ष कु. अंतिमा, दुर्गेश देवी और रेशमा बिंद ने भी स्वागत किया।
जनसभा को राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद हफीज मोबिन, प्रोफेसर गंगाराम यादव, आनंद हीराराम, उदल राजभर, साधना साहू, अजय पटेल, दिलीप पटेल एडवोकेट, रामशिला पटेल, राजेश प्रधान, मोहम्मद अबरार, अखिलेश सिंह, कुंवर अभिजय पटेल, महेंद्र प्रताप मौर्य, मयंक पटेल और कुलदीप पटेल सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें