दीपक श्रीवास्तव
टीडी कॉलेज में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के तहत भाषण प्रतियोगिता आयोजित
सुषमा पटेल ने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान
जौनपुर, 13 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित टीडी कॉलेज में शुक्रवार को मेरा युवा भारत जौनपुर की ओर से विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट-2027 के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ किया। मुख्य अतिथि मुंगरा बादशाहपुर की पूर्व विधायक सुषमा पटेल ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने और राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं को अपनी बात रखने, जनहित के मुद्दों को समझने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रामाश्रय सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ ऐसी रचनात्मक और बौद्धिक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। भाषण प्रतियोगिताओं से युवाओं में तार्किक चिंतन, आत्मविश्वास, संवाद क्षमता और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास होता है। युवा संसद विद्यार्थियों को संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली को समझने का व्यावहारिक अवसर प्रदान करती है।
प्रतियोगिता में अनुभव सिंह ने प्रथम, अभिनव कृति पांडेय ने द्वितीय तथा अभिनव पांडेय ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
निर्णायक मंडल में सुषमा पटेल, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, प्रकाश चंद्र यादव, विजयलक्ष्मी और डॉ. माया सिंह शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत के वॉलंटियर सुमित सिंह ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में शिवांगी, कौशल, उत्कर्ष तिवारी, अर्पित यादव, तनु सिंह, स्नेहा मिश्रा, कृष्ण प्रजापति, अनूप मौर्य, शुभम प्रजापति, अर्चि वर्मा और सुमित सिंह सहित अन्य वॉलंटियरों ने सहयोग किया। इस अवसर पर विशाल सिंह, एमटीएस बृजेश यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें