धीरेंद्र शास्त्री भगवान को बांटने का काम कर रहे हैं, उनकी टिप्पणी निंदनीय : तूफानी सरोज

दीपक श्रीवास्तव 
धीरेंद्र शास्त्री भगवान को बांटने का काम कर रहे हैं, उनकी टिप्पणी निंदनीय : तूफानी सरोज
भाजपा पर धर्म और जाति के नाम पर राजनीति करने का आरोप, बोले- जनता अब इनके बहकावे में आने वाली नहीं

जौनपुर, 09 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में समाजवादी पार्टी के विधायक और पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री की भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं। भाजपा धर्म के नाम पर हिंदू-मुस्लिम की राजनीति कर लोगों में नफरत पैदा करने का काम करती है। अब भगवान को भी बांटने का प्रयास किया जा रहा है, जो बेहद निंदनीय है।

सोमवार को विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर बातचीत करते हुए सांसद ने कहा कि भगवान राम और श्रीकृष्ण दोनों पूजनीय हैं। राम सीधे हैं और कृष्ण टेढ़े हैं, इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है। वह इसकी घोर निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर लोगों को बांटने के बाद अब भगवान को बांटने का प्रयास किया जा रहा है।
अयोध्या के सुंदरीकरण और विस्तारीकरण को लेकर मुख्यमंत्री के बयान पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए दस साल हो चुके हैं। अब तक उन्हें काम करने से किसने रोका था। विपक्ष के सवाल उठाने पर भाजपा नेता परेशान हो जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या का नाम केवल वोट की राजनीति के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। भगवान श्रीराम सबके हृदय में विराजमान हैं और सब जानते हैं कि उनके नाम का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने राम मंदिर के लिए मिले चंदे के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए।

लाल टोपी और जालीदार टोपी को लेकर अखिलेश यादव के परहेज करने संबंधी सवाल पर सरोज ने कहा कि लाल टोपी समाजवादी पार्टी की पहचान है। इसे पहनने को लेकर पार्टी में कोई परहेज नहीं है। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि नागपुर में बैठकर लोगों को गुमराह करने की रणनीति बनाई जाती है। धर्म और अंधविश्वास के जरिए जनता को प्रभावित कर भाजपा वोट हासिल करना चाहती है।

कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के एमएलसी चुनाव में पढ़े-लिखे लोगों द्वारा मतदान करने संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि उनके समर्थक मूर्ख हैं। शिक्षित लोग सपा के साथ हैं और वे भाजपा सरकार के कामकाज की सच्चाई जनता तक पहुंचाएंगे।

राजभर के एक अन्य बयान में विनीत सिंह, अजीत सिंह और धर्मेंद्र सिंह को दरबारी बताए जाने पर सरोज ने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अपने मंत्रिमंडल में शामिल ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, जो खुद को गुंडा बताते हैं। मुख्यमंत्री कहते हैं कि अपराधी प्रदेश से बाहर हैं या जेल में हैं, ऐसे में उन्हें अपने मंत्रिमंडल में मौजूद लोगों पर भी ध्यान देना चाहिए।

प्रदेश की सड़कों की खराब स्थिति पर उन्होंने कहा कि गांवों की सड़कें इतनी जर्जर हैं कि उन पर चलना मुश्किल हो गया है। भाजपा सरकार का विकास केवल पूंजीपतियों के खातों में दिखाई दे रहा है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जनता को कर्ज के बोझ तले दबाने तथा उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया।

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के जौनपुर में सड़क परियोजनाओं के शिलान्यास और भूमि पूजन को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। कहा कि दस साल तक सड़कों का विस्तार नहीं किया गया और अब चुनाव को देखते हुए घोषणाएं की जा रही हैं। क्या दो महीने में सभी सड़कों का निर्माण पूरा हो जाएगा? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल घोषणाओं के जरिए जनता को गुमराह कर रही है।

सरोज ने 69 हजार शिक्षक भर्ती का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अभ्यर्थी अब भी न्याय और परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। भाजपा सरकार ने शिक्षकों, पिछड़ों और दलितों के हितों का हनन किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षित लोग गांव-गांव जाकर सरकार की नीतियों और कार्यों की सच्चाई बताएंगे। केवल खातों में 20 हजार रुपये भेजने के भरोसे भाजपा की नैया पार नहीं होने वाली है। जनता सब जान चुकी है और आगामी चुनाव में इसका जवाब देगी।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ