अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में बनेगी सपा की प्रचंड बहुमत की सरकार : आशुतोष सिन्हा


दीपक श्रीवास्तव 
अखिलेश यादव के नेतृत्व में 2027 में बनेगी सपा की प्रचंड बहुमत की सरकार : आशुतोष सिन्हा 
बोले- नौजवानों को रोजगार, शिक्षकों का सम्मान और प्रदेश के विकास पर होनी चाहिए चर्चा

जौनपुर, 07 नवंबर । उत्तर प्रदेश के वाराणसी खंड से नवनिर्वाचित समाजवादी पार्टी के एमएलसी आशुतोष सिन्हा शनिवार को जौनपुर में आयोजित स्वागत समारोह में पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने भाजपा और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का दावा किया।

ओमप्रकाश राजभर के बयान पर पलटवार करते हुए एमएलसी ने कहा कि अब वह भी मानने लगे हैं कि समाजवादी पार्टी के साथ पढ़े-लिखे लोग जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है।
कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर उन्होंने कहा कि भगवान के नाम पर समाज को बांटने और उनका अपमान करने वालों के खिलाफ सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक मामलों में विवाद के बजाय न्यायालय के निर्णय का सम्मान किया जाना चाहिए।

भाजपा की ओर से अखिलेश यादव को मुद्दों पर चर्चा करने की नसीहत दिए जाने पर उन्होंने कहा कि असली मुद्दे नौजवानों को रोजगार, शिक्षकों का सम्मान और प्रदेश का विकास हैं। सरकार पुरानी पेंशन बहाल नहीं कर रही है। मदरसा शिक्षकों का केंद्रांश पहले ही बंद था और अब उनका राज्यांश भी बंद कर दिया गया है। इन मुद्दों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मस्जिदों और मुगलकालीन इमारतों को लेकर विवाद खड़ा करने के बजाय प्रदेश के विकास और युवाओं के भविष्य पर चर्चा होनी चाहिए। चुनाव में मतगणना के दौरान भाजपा के मंत्रियों को सड़क पर बैठकर विरोध करना पड़ा, यह समाजवादी पार्टी के संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद भाजपा नेताओं को पांच साल तक इसी तरह धरना देना पड़ेगा।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ