राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के लिए समर्पित रहा पंडित दीनदयाल का जीवन : गिरीश चंद्र यादव

दीपक श्रीवास्तव 
राष्ट्रसेवा और अंत्योदय के लिए समर्पित रहा पंडित दीनदयाल का जीवन : गिरीश चंद्र यादव

110वीं जयंती पर संगोष्ठी आयोजित, वक्ताओं ने उनके विचारों को बताया राष्ट्रनिर्माण की प्रेरणा
जौनपुर, 25 सितंबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को नगर के एक होटल में संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन, विचारों और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके बताए अंत्योदय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण विभाग गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान को केंद्र में रखकर अंत्योदय का विचार दिया। उनका एकात्म मानववाद भारतीय संस्कृति और समाज के समग्र विकास की दृष्टि प्रस्तुत करता है। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणादायी हैं।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन सादगी, राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के प्रति समर्पण का उदाहरण है। उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य करने की आवश्यकता है।
पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं ने राजनीति में अपने आदर्श स्थापित किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में विभाजन की प्रवृत्ति बढ़ी है, जबकि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया।
इससे पहले राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने खरका कॉलोनी स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने भी प्रतिमा और चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, हरिश्चंद्र सिंह, विकास शर्मा और धर्मेंद्र मिश्रा ने विचार व्यक्त किए। संचालन सुरेंद्र जायसवाल ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री अजय सिंह, रामसूरत मौर्य, ब्रह्मेश शुक्ला, मनीष श्रीवास्तव, गिरीश कुमार, पप्पू राजपूत, राजकेशर पाल, पूर्व विधायक बांके लाल सोनकर, मंडल अध्यक्ष सारिका सोनी, कमलेश निषाद, प्रशांत सिंह दीपक, सुनील सेठ, धर्मपाल कन्नौजिया, स्वर्णिमा जायसवाल, अंजना सिंह, माधुरी गुप्ता समेत भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ