दीपक श्रीवास्तव
योग से स्वस्थ तन-मन, नशे से दूर रहेगा युवा: गिरीश चंद्र यादव
मीरा वेलफेयर फाउंडेशन ने आयोजित की चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता, प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
जौनपुर। नगर के मोहम्मद हसन डिग्री कॉलेज के सभागार में योगासन स्पोर्ट्स एलायंस एसोसिएशन के तत्वावधान में मीरा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा चतुर्थ जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व गृह राज्यमंत्री, महाराष्ट्र सरकार कृपाशंकर सिंह, प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, योगा फेडरेशन जौनपुर की अध्यक्ष रजनी साहू, संरक्षक रामजी साहू, महासचिव डाली गुप्ता, कोषाध्यक्ष रचित साहू, भाजपा जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, सहकार भारती के अध्यक्ष प्रदीप सिंह सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए 8 से 25 वर्ष आयु वर्ग के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि योग को प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों से जोड़ने का रजनी साहू का प्रयास सराहनीय है। ऐसे आयोजनों का बड़े स्तर पर प्रचार-प्रसार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि योगासन को खेल से जोड़ने के लिए सरकार भी प्रयास कर रही है। योग से युवा स्वस्थ रहने के साथ नशे से भी दूर रहेंगे। स्वस्थ युवा ही देश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में योगासन के क्षेत्र में जौनपुर की अलग पहचान बनेगी।
पूर्व गृह राज्यमंत्री महाराष्ट्र सरकार कृपाशंकर सिंह ने कहा कि योग केवल शरीर को ही स्वस्थ नहीं रखता, बल्कि मन को भी स्वस्थ और संतुलित बनाता है। योग की परंपरा प्राचीन है और इसे जीवन में शामिल करना सभी के लिए लाभकारी है। उन्होंने योग के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं और महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम आयोजक एवं योगा फेडरेशन जौनपुर की अध्यक्ष रजनी साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। उनका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर कर योग से जोड़ना है। जब युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होगा, तभी वह देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकेगा।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र यादव एवं भाजपा जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रमुख परिणाम: 8 से 10 वर्ष बालिका वर्ग में सान्वी यादव प्रथम, काव्या गुप्ता द्वितीय, अदिति वर्मा तृतीय रहीं। बालक वर्ग में सौर्य सिंह प्रथम, आयुष्मान सिंह द्वितीय और आयुष्मान साहू तृतीय रहे। 10 से 12 वर्ष वर्ग में वरुण प्रथम और कौशल निषाद द्वितीय रहे। 12 से 14 वर्ष बालिका वर्ग में यशवी सिंह प्रथम, अंतीया यादव द्वितीय और कल्याणी गिरी तृतीय रहीं। बालक वर्ग में आर्यन यादव प्रथम और अथर्व वर्मा द्वितीय रहे। 16 वर्ष बालक वर्ग में जीत गुप्ता प्रथम रहे। 16 से 18 वर्ष बालिका वर्ग में अंशिका सिंह प्रथम और जानवी यादव द्वितीय रहीं। 18 से 21 वर्ष वर्ग में प्रियांशी प्रजापति तथा बालक वर्ग में ऋषि कुमार प्रथम और विनय अग्रहरी द्वितीय रहे। 21 से 25 वर्ष वर्ग में विनीता यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। आर्टिस्टिक सिंगल में यशवी सिंह प्रथम, यशिका एवं शताक्षी द्वितीय तथा दिव्यांशी तृतीय रहीं।
कार्यक्रम का संचालन अर्चना सिंह ने किया। आयोजन में राम सूरत मौर्य, अमित श्रीवास्तव, कमलेश निषाद, सत्येंद्र सिंह, सभासद अनिल गुप्ता, राखी सिंह, प्रीति गुप्ता, स्वर्णिम जायसवाल, रूपम शुक्ला, रेनू बैंकर, चेतन साहू, सोना बैंकर, अलका गुप्ता, प्रियंका जायसवाल, मीनू बरनवाल, अंजू सिंह, किरण सिंह, प्रियंका राजपूत, अमिताभ गुप्ता, संतोष त्रिपाठी, दिलीप सिंह, धर्मेंद्र सेठ, गणेश साहू, शशांक सिंह, रानू, अतुल सिंह, संजय से योगेंद्र प्रताप सिंह, कौशल त्रिपाठी, शरद साहू, दिलीप जायसवाल, सत्येंद्र अग्रहरि, ध्रुव जायसवाल, निखिलेश सिंह, रमेश शुक्ला, अजय सिंह, नीरज शाह, रवि अग्रहरि, दीपक श्रीवास्तव, अजय शुक्ला, अमित निगम, दिनेश साहू, पप्पू गुप्ता, यशवंत साहू, जगदीश गढ़ा, शिवकुमार गुप्ता, अजय सोनकर, राजेंद्र, सर्वेश जायसवाल, मनोज तिवारी, शिवम जायसवाल, राहुल सेठ, नितिन जायसवाल, नवीन मिश्रा, अजय गुप्ता, रोहित सेठ, नारायण चौरसिया, संजय जड़वानी, संजू यादव, गीतांजलि के अध्यक्ष नीरज शाह, अवनींद्र तिवारी, विवेक सेठी, संदीप गुप्ता, बृजेंद्र सिंह, शिवा सिंह, रामा सिंह, ममता साहू, कुसुम साहू, नीतू जी एवं अमित वैश्य समेत विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में कोषाध्यक्ष रचित साहू, तनिष्का साहू, अनुष्का साहू, राहुल सिंह, ऋषि साहू और रितमिक साहू का विशेष सहयोग रहा। अंत में संगठन की महासचिव डाली गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें