दीपक श्रीवास्तव
जलालपुर पुलिस ने लूट गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार,तीन लाख रुपए बरामद
सोशल मीडिया के जरिए सस्ते सोने का झांसा देकर करते थे लूट, तीन लाख रुपये बरामद; लूट के पैसे से खरीदी थी फार्च्यूनर
जौनपुर, 26 अगस्त। यूपी के जौनपुर में जलालपुर थाना अंतर्गत पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को सस्ते दाम पर सोना उपलब्ध कराने का झांसा देकर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इजरी मोड़ के पास से गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट के तीन लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। आरोपितों ने करीब एक माह पहले लूट के रुपये से फार्च्यूनर गाड़ी खरीदी थी। बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि शकरमंडी निवासी आकाश सेठ ने जलालपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट कर तीन लाख रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अजय सिंह उर्फ पिंटू समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को कस्टम से चोरी का सोना सस्ते दाम पर बेचने का लालच देते थे। सौदा तय होने के बाद जब संबंधित व्यक्ति पैसे लेकर उनके बताए स्थान पर पहुंचता था तो आरोपित पुलिस का डर दिखाकर उससे रुपये छीन लेते थे और मारपीट कर भगा देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य सदस्य अजय सिंह उर्फ पिंटू निवासी इजरी, थाना जलालपुर है। उसके खिलाफ जौनपुर और वाराणसी समेत कुल 16 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में उसने पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम देने और जेल जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपित ने इसी आपराधिक गतिविधि से संपत्ति अर्जित की है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तीन लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त फार्च्यूनर वाहन बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक वाहन करीब एक माह पहले लूट के रुपये से खरीदा गया था। अन्य आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े लोगों और पूर्व की घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें