जनता के हितों और जवाबदेही के सवाल पर लगातार संघर्ष करती रहेगी सपा : डॉ. रागिनी

दीपक श्रीवास्तव 
जनता के हितों और जवाबदेही के सवाल पर लगातार संघर्ष करती रहेगी सपा : डॉ. रागिनी 
राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग पर सपा का विरोध, विधायक सचिन यादव पूरे सत्र के लिए निलंबित

निलंबन के विरोध में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठे सपा विधायक

जौनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में मंगलवार को राम मंदिर के चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने जोरदार विरोध दर्ज कराया। सदन में हंगामे के बीच विधायक सचिन यादव को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इसके विरोध में सपा विधायक विधानसभा परिसर में धरने पर बैठ गए।
मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही के दौरान समाजवादी पार्टी के विधायकों ने राम मंदिर के चढ़ावा प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। इस दौरान हुए हंगामे के बाद सपा विधायक सचिन यादव को पूरे सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया।
निलंबन के फैसले के विरोध में समाजवादी पार्टी के विधायक विधानसभा परिसर में किसान नेता चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठे। उन्होंने सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और पारदर्शिता की मांग दोहराई।
मछलीशहर की सपा विधायक डॉ. रागिनी सोनकर ने कहा, "हमने सदन में एक गंभीर विषय पर निष्पक्ष जांच की मांग रखी थी, लेकिन सरकार ने जवाब देने के बजाय विपक्ष के प्रतिनिधि को निलंबित कर दिया। लोकतंत्र में जनप्रतिनिधियों की आवाज को दबाने का प्रयास उचित नहीं है। समाजवादी पार्टी जनता के हितों और जवाबदेही के सवाल पर लगातार संघर्ष करती रहेगी।"
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सत्ता और विपक्ष दोनों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। सरकार को विपक्ष के सवालों का उत्तर देना चाहिए, ताकि जनता का विश्वास लोकतांत्रिक संस्थाओं में बना रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ