समरसेबुल के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत

दीपक श्रीवास्तव 
समरसेबुल के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत
जौनपुर, 5 अगस्त । यूपी  के जौनपुर में बरसठी थाना क्षेत्र के गारोपुर गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरे समरसेबुल के गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गारोपुर निवासी अच्छेलाल गौतम ने मंगलवार को अपने खेत में समरसेबुल पंप लगाने के लिए बोरिंग कराई थी। बोरिंग के बाद बना गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था, जिसमें हाल की बारिश का पानी भर गया था।
बुधवार शाम गांव के शिवा बिंद,(6 )पुत्र वीरेंद्र बिंद, तथा आरव बिंद (5 ),पुत्र अनिल बिंद, खेलते-खेलते उसी रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे अनजाने में पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। गड्ढा गहरा होने और उसमें दलदल होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और डूब गए।काफी देर तक बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान घर से लगभग 100 मीटर दूर स्थित उसी गड्ढे में दोनों बच्चे पानी और दलदल में फंसे मिले। ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए कटवार बाजार ले गए, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सुरियावां के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। घटना के सम्बन्ध में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी ने बताया कि आज शाम को दो बच्चों के मौत की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची शव को कब्जे में लेकर पंचायत नामा कर पोस्टमार्टम के लिय भेजा गया है।कोई तहरीर नहीं मिली है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ