दीपक श्रीवास्तव
अखिलेश यादव तय करेंगे गठबंधन, राष्ट्रीय नेतृत्व का फैसला मंजूर होगा: जितेंद्र दोहरे
भाजपा पर साधा निशाना, बोले- हम सनातन को मानने वाले, किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे
इटावा, 24 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के इटावा सांसद जितेंद्र दोहरे ने सोमवार को आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुलाकात को लेकर कहा कि गठबंधन के संबंध में राष्ट्रीय नेतृत्व फैसला करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जो निर्णय लेंगे, वह हम सभी को मंजूर होगा।
सांसद जितेंद्र दोहरे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चचेरे भाई अभिषेक उर्फ अंशुल यादव के साथ केदारेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
भाजपा पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि भाजपा के लोग मछली भोग, मुर्गा भोग और मटन भोग सहित सभी तरह का भोग खाने वाले लोग हैं। उन्होंने कहा कि हम सनातन को मानने वाले लोग हैं और चाहते हैं कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस न पहुंचे। उन्होंने कहा कि भोले बाबा की कृपा हम लोगों पर बनी हुई है।
आरक्षण के मुद्दे पर सांसद जितेंद्र दोहरे ने कहा कि समाजवादी पार्टी चाहती है कि सबसे पहले जातिगत जनगणना कराई जाए। इसके बाद जिस समाज की जितनी संख्या हो, उसकी हिस्सेदारी भी उसी अनुपात में सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि आबादी के हिसाब से हिस्सेदारी मिलने से सामाजिक न्याय को मजबूती मिलेगी।
सांसद के इस बयान को आगामी राजनीतिक समीकरणों और आरक्षण के मुद्दे पर सपा की नीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें