दीपक श्रीवास्तव/राम नरेश प्रजापति
ओवरलोडिंग से बार-बार फुंक रहा ट्रांसफार्मर, पांच दिन से अंधेरे में बीबीपुर सादनपुर
10 केवीए ट्रांसफार्मर पर दो दर्जन से अधिक कनेक्शन, ग्रामीणों का आरोप- शिकायतों के बाद भी नहीं बढ़ाई गई क्षमता
जौनपुर । बक्शा ब्लॉक के बीबीपुर सादनपुर गांव में ट्रांसफार्मर फुंकने से पिछले पांच दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। ओवरलोडिंग के कारण बार-बार ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीणों में बिजली निगम के प्रति नाराजगी है। आरोप है कि कई शिकायतों के बावजूद विभाग ने अब तक न ट्रांसफार्मर बदला और न ही उसकी क्षमता बढ़ाई।
बीबीपुर सादनपुर गांव की प्रजापति-ब्राह्मण बस्ती के पास लगा 10 केवीए का ट्रांसफार्मर क्षमता से अधिक भार पड़ने के कारण तीन दिन पहले फुंक गया। इसके चलते दो दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं के घरों की बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर पर जरूरत से ज्यादा कनेक्शन होने के कारण यह अक्सर खराब हो जाता है। ऑनलाइन शिकायत और विभागीय अधिकारियों को लिखित सूचना देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।
ग्रामीण रामबली ने बताया कि जनवरी से अब तक कई बार ट्रांसफार्मर और उसका फ्यूज जल चुका है। विभागीय कर्मचारी अस्थायी मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर देते हैं, लेकिन कुछ ही समय बाद फिर वही स्थिति बन जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार मांग के बावजूद ट्रांसफार्मर की क्षमता नहीं बढ़ाई जा रही है।
अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बिजली गुल रहने से सबसे अधिक दिक्कत बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। रात में गर्मी और मच्छरों के कारण लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से जल्द नया और अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें