दीपक श्रीवास्तव
संत रविदास के विचार आज भी प्रासंगिक : रमेश सिंह
संत रविदास के 650 वीं जन्म जयंती पर विधायक रमेश सिंह ने भव्य कलश यात्रा का किया शुभारंभ
जौनपुर। शाहगंज नगर में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650 वीं जन्म जयंती अभियान अंतर्गत शुक्रवार को भव्य एवं श्रद्धामय कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा आरडी इन, अख्खनसराय के समीप से शुरू हुई यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए ताखा पश्चिम के समीप संपन्न हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, संत समाज, जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया।कलश यात्रा का शुभारंभ विधायक रमेश सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज ने "मन चंगा तो कठौती में गंगा" का अमर संदेश देकर समरसता, समानता और मानवता का मार्ग प्रशस्त किया। उनका जीवन समाज को जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर सेवा, सद्भाव और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
विधायक रमेश सिंह ने कहा कि गुरु रविदास महाराज के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, समान अवसर और परस्पर सम्मान की भावना में निहित है। उन्होंने लोगों से संत रविदास के आदर्शों को आत्मसात कर विकसित, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल रहा। मातृशक्ति, युवाशक्ति तथा संत समाज की सहभागिता ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रम में पार्टी के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, क्षेत्रवासी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें