दीपक श्रीवास्तव
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप, कांग्रेस ने एफआईआर के लिए सौंपा पत्रक
जौनपुर, 24 अगस्त । उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के खिलाफ राष्ट्रगान के अपमान के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जौनपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र सौंपा। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि उन्नाव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के बीच विधानसभा अध्यक्ष मंच से चले गए। इसे पार्टी ने राष्ट्रगान का अपमान बताया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह और शहर अध्यक्ष आरिफ खान के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनीता सिंह को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें सतीश महाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा राष्ट्रगान के अपमान का आरोप गंभीर है। उन्होंने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए मामले की जांच कर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शहर अध्यक्ष आरिफ खान ने कहा कि राष्ट्रगान देश की गरिमा और सम्मान का प्रतीक है। इसके अपमान को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की। खबर लिखे जाने तक प्रार्थना पत्र के आधार पर जौनपुर कोतवाली में एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी। कांग्रेस कार्यकर्ता कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली परिसर में मौजूद रहे।
इस दौरान संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, लाल प्रकाश पाल, सभासद शहनवाज मंजूर, देवराज पांडेय, फैयाज हाशमी, इरशाद खान, कृष्णचंद निषाद, अरविंद यादव, चंद्रभान सिंह, वैश खान, इस्तेखारुल प्रधान, मुहम्मद ताहिर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें