दीपक श्रीवास्तव
उचित दर विक्रेताओं का लाभांश 90 से 125 हुआ
मुख्यमंत्री ने की घोषणा, जौनपुर में हुआ सजीव प्रसारण
जौनपुर17 अगस्त ।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को 90 से बढ़ाकर 125 रुपए प्रति क्विंटल करने की घोषणा की है। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ लोकभवन, लखनऊ से किया गया, जिसका उद्देश्य प्रदेश के उचित दर विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। सोमवार को 12 बजे से 2 बजे तक इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जौनपुर जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों और कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में भी किया गया। कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्या और जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. उपस्थित रहे।उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन और लाभांश वृद्धि की घोषणा का सजीव प्रसारण देखा। अतिथियों ने शासन के इस निर्णय के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उचित दर विक्रेताओं को विस्तृत जानकारी प्रदान की।
विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ‘प्रिंशु’ ने इस अवसर पर कहा कि उचित दर विक्रेता सार्वजनिक वितरण प्रणाली की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे खाद्यान्न को पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी और सुचारु रूप से पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने खाद्य एवं रसद विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं और उचित दर विक्रेताओं के हित में किए जा रहे सरकारी प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी।
उपस्थित उचित दर विक्रेताओं ने लाभांश वृद्धि के इस निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारु रूप से संचालित करने में प्रोत्साहन मिलेगा। कार्यक्रम का समापन उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।वही दूसरी तरफ जिला कार्यकारी अध्यक्ष दया शंकर निगम ने मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सरकार का बहुत ही सराहनीय कार्य है जो मुख्य मंत्री जी ने हमारी मागो को माना है।इससे हमारा परिवार भी खुशहाल रहेगा हम लोग सरकार के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चलते रहेंगे।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें