दीपक श्रीवास्तव
हर घर तिरंगा अभियान को लेकर तैयारियां तेज, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति कार्यक्रम
जौनपुर। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को व्यापक जनभागीदारी और उत्साह के साथ सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, विभागवार जिम्मेदारियों, प्रचार-प्रसार, तिरंगा यात्रा और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी जिम्मेदारी से आयोजित कराने तथा अधिक से अधिक नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, स्वयंसेवी संगठनों, एनसीसी-एनएसएस के छात्र-छात्राओं, माई भारत वालंटियर्स और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में होंगी तिरंगा आधारित कला गतिविधियां
अभियान के तहत 9 से 15 अगस्त तक विद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा-प्रेरित कला गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र और ‘वंदे मातरम्’ से जुड़ी गतिविधियां कराई जाएंगी। कार्यक्रमों की फोटो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
10 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, चौराहों सहित प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा और अलंकरण कराया जाएगा। वहीं 11 से 15 अगस्त तक प्रमुख सार्वजनिक स्थलों और शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
14 अगस्त को तिरंगा कॉन्सर्ट और विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम
14 अगस्त को तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा। इसमें स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और उनके परिवारों को सम्मानित किया जाएगा। तिरंगा गान, देशभक्ति गीत और ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा। स्कूली बैंड और पुलिस बैंड द्वारा भी देशभक्ति की धुनें प्रस्तुत की जाएंगी।
इसी दिन भारत विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम भी आयोजित होगा। इसमें विभाजन से संबंधित प्रदर्शनी के माध्यम से उस दौर की घटनाओं और स्मृतियों से नई पीढ़ी को परिचित कराया जाएगा।
14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
बैठक में तिरंगा रैली और यात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इसमें बाइक रैली के साथ विद्यार्थी, युवा, सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, पुलिसकर्मी, महिला स्वयं सहायता समूह, सामाजिक संगठन, एनसीसी-एनएसएस छात्र-छात्राएं, माई भारत वालंटियर्स और अन्य नागरिक शामिल होंगे।
14 अगस्त को सुबह 8:30 बजे से तिरंगा यात्रा आयोजित की जाएगी। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने यातायात, सुरक्षा, पेयजल, सूक्ष्म जलपान, साउंड, बैंड और झंडों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ड्रोन कैमरे से यात्रा की फोटो-वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
हर घर पर सम्मान के साथ फहराया जाए तिरंगा
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद के प्रत्येक घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित नियमों के अनुसार ही ध्वज फहराने के निर्देश दिए।
अभियान के तहत 9 से 17 अगस्त तक ‘तिरंगा सेल्फी’ गतिविधि भी चलेगी। नागरिक तिरंगे के साथ सेल्फी और ‘वंदे मातरम्’ गायन के वीडियो को www.harghartiranga.com पर अपलोड कर सकेंगे। अभियान की गतिविधियों की फोटो-वीडियोग्राफी कराकर निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने और सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय से दायित्वों का निर्वहन करने और कार्यक्रमों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ में पूरे उत्साह के साथ सहभागी बनें और अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करें।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें