दीपक श्रीवास्तव
स्पोर्ट इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026 में गेस्ट ऑफ ऑनर और वक्ता के रूप में शामिल होंगे विधायक रमेश चंद्र मिश्र
खेल प्रतिभाओं को अवसर देकर भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने पर जोर
जौनपुर। भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में 21 अगस्त को फिजिकल एजुकेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया (पेफी) की ओर से आयोजित ‘स्पोर्ट इंडिया कॉन्फ्रेंस 2026’ में बदलापुर के भाजपा विधायक डॉ. रमेश चंद्र मिश्र गेस्ट ऑफ ऑनर एवं वक्ता के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन का विषय ‘विज़न 2036: भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति के रूप में आगे बढ़ाना’ है। सम्मेलन में देशभर से नीति-निर्माता, खेल प्रशासक, शिक्षाविद, शोधकर्ता, खेल वैज्ञानिक, उद्योग विशेषज्ञ, उद्यमी और खेल क्षेत्र से जुड़े पेशेवर भाग लेंगे। इसमें खेल नीति, शारीरिक शिक्षा, खेल विज्ञान, नवाचार, बुनियादी ढांचे, एथलीट विकास और खेल अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
विधायक डॉ. रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि भारत में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें पहचानकर उचित प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है।
ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे शहरों में बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली युवा मौजूद हैं। विद्यालय स्तर से शारीरिक शिक्षा और खेल प्रशिक्षण को मजबूत कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विजन 2036 का लक्ष्य केवल पदक बढ़ाना नहीं, बल्कि देश में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करना भी है। इसके लिए विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, खेल संगठनों, सरकार और निजी क्षेत्र को मिलकर काम करना होगा। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान, प्रशिक्षकों, उपकरणों और वैज्ञानिक प्रशिक्षण की सुविधाएं बढ़ाने से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। खेलों में निवेश को देश के भविष्य में निवेश बताते हुए उन्होंने जमीनी स्तर पर सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देने की आवश्यकता जताई।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें