दीपक श्रीवास्तव
परिवहन विभाग का अभियान तीन स्कूल वाहन, दो बसें और छह ओवरलोड ट्रक सीज
जौनपुर, 31 जुलाई। यूपी के जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन के निर्देश पर शुक्रवार को परिवहन विभाग ने पुलिस एवं यातायात विभाग के साथ संयुक्त रूप से स्कूल वाहनों और व्यावसायिक वाहनों के खिलाफ सघन प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों में अनियमितता पाए जाने पर तीन स्कूल वाहनों को सीज किया गया, जबकि पांच अन्य वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा छह ओवरलोड ट्रकों तथा बिना परमिट संचालित दो बसों को भी सीज कर थाने में खड़ा कराया गया।
इस संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में स्कूल वाहनों की सघन जांच लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की कि विद्यालयों में संचालित वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट तथा अन्य आवश्यक अभिलेख समय से अद्यतन करा लें। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों को स्कूल ले जाने वाले वाहनों के सुरक्षा मानकों की जानकारी रखने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस, परिवहन और यातायात विभाग की संयुक्त टीम विशेष अभियान चलाकर बिना परमिट, बिना फिटनेस तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। बार-बार चेतावनी के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वाले विद्यालयों की सूची भी तैयार की जाएगी और ऐसे मामलों में संबंधित विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ (प्रवर्तन) ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें