दीपक श्रीवास्तव
अवैध खनन में लगे ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत, पुत्र बाल-बाल बचा
जौनपुर, 31 जुलाई । सरायख्वाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को अवैध खनन में लगे मिट्टी से लदे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जमालपुर गांव निवासी यादवेंद्र मौर्य की पत्नी राजदेई (65) अपने पुत्र ज्ञान सिंह के साथ बाइक से दवा लेने जौनपुर जा रही थीं। शंकरमंडी चुंगी-दहीदपुर नाला मार्ग पर हैदरपुर के पास पीछे से आए मिट्टी से लदे ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजदेई ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका पुत्र सुरक्षित बच गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए तथा ट्रैक्टर को घेर लिया। इसी बीच चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस संबंध में जानकारी लेने पर थाना प्रभारी सरायख्वाजा अमरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि सूचना पर पहुंची सरायख्वाजा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रैक्टर को थाने ले जाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस चालक की तलाश के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें