जौनपुर,26जुलाई। यूपी के जौनपुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी एवं महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृहराज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह के कैंप कार्यालय पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 136वां एपिसोड सामूहिक रूप से सुना गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा प्रधानमंत्री के संबोधन के प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए की। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीर जवानों का साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने देशवासियों से शहीदों के बलिदान को स्मरण रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
'मन की बात' के इस एपिसोड में प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत, देश की रक्षा क्षमता को मजबूत बनाने, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी बड़े परिवर्तन का आधार बन सकते हैं। इस दौरान यह भी जानकारी साझा की गई कि एक अध्ययन के अनुसार 'मन की बात' कार्यक्रम को कम से कम एक बार सुनने वालों की संख्या 100 करोड़ तक पहुंच चुकी है, जो इसकी व्यापक लोकप्रियता का प्रमाण है।
कार्यक्रम के उपरांत कृपाशंकर सिंह ने कहा कि 'मन की बात' केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का सशक्त अभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समाज के प्रत्येक वर्ग—युवा, महिलाएं, किसान और आम नागरिकों—को राष्ट्रहित के विषयों से जोड़ते हुए सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा दे रहे हैं।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें