दीपक श्रीवास्तव
मालगाड़ी का इंजन फेल होने से थमा रेल यातायात, जौनपुर सिटी स्टेशन पर 35 मिनट रुकी राज्यपाल की बेगमपुरा एक्सप्रेस
जौनपुर। सराय हरखू और श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशन के बीच बुधवार को एक मालगाड़ी का इंजन अचानक खराब हो जाने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। इस कारण उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को लेकर जा रही बेगमपुरा एक्सप्रेस को जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर करीब 35 मिनट तक रोकना पड़ा।
सिटी स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार के अनुसार, कुसुम्ही मालगाड़ी का इंजन दोपहर 1:10 बजे सराय हरखू और श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशनों के बीच अचानक फेल हो गया। इंजन खराब होने से मालगाड़ी मुख्य ट्रैक पर ही खड़ी हो गई, जिससे कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ।
रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोपहर 1:32 बजे जौनपुर सिटी स्टेशन से राहत इंजन रवाना किया। राहत इंजन 1:55 बजे घटनास्थल पर पहुंचा और खराब इंजन वाली मालगाड़ी को जोड़कर दोपहर 2:26 बजे सराय हरखू स्टेशन तक ले जाया गया। इसके बाद मुख्य ट्रैक खाली होने पर रेल यातायात सामान्य हो सका।
इस बीच वाराणसी से आ रही बेगमपुरा एक्सप्रेस दोपहर 2 बजे जौनपुर सिटी स्टेशन पहुंची, लेकिन ट्रैक बाधित होने के कारण उसे लगभग 35 मिनट तक स्टेशन पर खड़ा रखना पड़ा। ट्रैक क्लियर होने की सूचना मिलने के बाद दोपहर 2:35 बजे ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
राज्यपाल की सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन परिसर में आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार मुस्तैद रहे। आरपीएफ थाना प्रभारी अजय कुमार, आरपीएफ सिटी चौकी प्रभारी संदीप कुमार, जीआरपी चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार, एसआई हरिकेश सहित रेलवे के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। ट्रेन के विलंब से यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें