दीपक श्रीवास्तव
मेडिकल कॉलेज जौनपुर में लैप्रोस्कोपी से पहली सफल सर्जरी, 17 वर्षीय युवती का हुआ पित्त की पथरी का ऑपरेशन
जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में पहली बार लैप्रोस्कोपी (दूरबीन) विधि से पित्त की पथरी का सफल ऑपरेशन किया गया। इस उपलब्धि के साथ मेडिकल कॉलेज ने आधुनिक शल्य चिकित्सा सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के निर्देशन में जनरल सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) ए.ए. जाफरी एवं उनकी टीम ने खेतासराय निवासी 17 वर्षीय युवती की लैप्रोस्कोपी विधि से सफल सर्जरी की। ऑपरेशन के बाद मरीज की स्थिति पूरी तरह सामान्य है और वह चिकित्सकों की निगरानी में स्वास्थ्य लाभ ले रही है।
इस सफल सर्जरी में डॉ. इमरान, डॉ. नाजिया, डॉ. धनंजय, डॉ. राजन्य प्रजापति, डॉ. अली हैदर तथा नर्सिंग अधिकारी अनुज सहित अन्य सहायक कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. अरविंद पटेल और सीनियर रेजिडेंट डॉ. दत्ता रेड्डी ने मरीज को सुरक्षित एनेस्थीसिया प्रदान कर ऑपरेशन को सफल बनाने में विशेष योगदान दिया।
इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने शल्य चिकित्सा एवं एनेस्थीसिया विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है, ताकि जनपद और आसपास के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी संस्थान में इसी प्रकार की उन्नत एवं जटिल शल्य चिकित्सा सेवाएं मरीजों को उपलब्ध कराई जाती रहेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें