दीपक श्रीवास्तव
IIT-JEE Advanced में मयंक सिंह ने हासिल की 4088वीं रैंक, जौनपुर का बढ़ाया मान
कड़ी मेहनत, अनुशासन और भगवान पर विश्वास को बताया सफलता का मंत्र
जौनपुर, 07 जून । जिले के बरसठी थाना क्षेत्र के बबुरीगांव, बिलौना कला निवासी 17 वर्षीय मयंक सिंह ने आईआईटी-जेईई एडवांस 2026 परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 4088 हासिल कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में शुमार इस परीक्षा में सफलता मिलने से परिवार, क्षेत्र और जिले में खुशी का माहौल है।
मयंक सिंह के पिता चंद्रशेखर सिंह शिक्षक हैं, जबकि माता निधि सिंह गृहिणी हैं। मयंक ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद जौनपुर के परमानतपुर उमरपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की। कठिन परिश्रम, अनुशासित दिनचर्या और लक्ष्य के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
परिणाम घोषित होने के बाद मीडिया से बातचीत में मयंक ने अपनी सफलता का मंत्र कठिन परिश्रम, सकारात्मक सोच और भगवान पर अटूट विश्वास को बताया। उन्होंने कहा कि असफलताओं से घबराने के बजाय निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। मयंक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया।
सफलता के बाद परिवार में उत्सव जैसा माहौल रहा। परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाई बांटकर खुशी व्यक्त की। मयंक अपने परिवार के साथ मैहर मंदिर पहुंचे और माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने अपनी सफलता के लिए ईश्वर के प्रति आभार भी जताया।
मयंक की उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भी उत्साह देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका भव्य स्वागत किया तथा फूल-मालाओं से सम्मानित किया। युवाओं और छात्रों ने उनकी सफलता को प्रेरणादायक बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष राखी सिंह, समाजसेविका रेनू सिंह, शोभना सिंह और स्मृति सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने मयंक को बधाई दी। राखी सिंह ने कहा कि मयंक की सफलता जिले के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी।
मयंक सिंह की इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा जौनपुर जनपद गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें