होटल में कथित सेक्स रैकेट पर छापा, कार्रवाई पर उठे कई सवाल

दीपक श्रीवास्तव 
होटल में कथित सेक्स रैकेट पर छापा, कार्रवाई पर उठे कई सवाल
जौनपुर,11 मई । यूपी के जौनपुर में मछलीशहर तहसील अंतर्गत कस्बे से सटे खजुरहट गांव स्थित हाईवे किनारे एक होटल में रविवार को राजस्व प्रशासन द्वारा की गई छापेमारी के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। छापेमारी के दौरान 10 युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने का दावा किया गया, लेकिन घंटों चली कार्रवाई के बाद सभी को क्लीन चिट मिलने से मामले पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने होटल में छापा मारा। कार्रवाई के बाद युवक-युवतियों को सीधे तहसील लाया गया, जहां घंटों पूछताछ की गई। बाद में युवतियों को कोतवाली भेजा गया, जबकि युवकों को भी पूछताछ के बाद पुलिस के सुपुर्द किया गया। हालांकि देर शाम सभी को छोड़ दिया गया।इस मामले में सोमवार को 
क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा से जानकारी लेने पर उन्होंने कहा कि पुलिस को इस छापेमारी की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। उन्होंने बताया कि जब मौके पर भीड़ बढ़ने लगी, तब पुलिस को बुलाया गया। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा पहली बार देखने को मिला जब पकड़े गए लोगों को पहले तहसील लाया गया और बाद में कोतवाली भेजा गया।
मामले में कई अनियमितताओं की चर्चा हो रही है।इस मामले में पूछे जाने पर नायब तहसीलदार विवेक श्रीवास्तव यह स्पष्ट नहीं कर सके कि होटल का आगंतुक रजिस्टर सील किया गया या नहीं तथा पकड़ी गई लड़कियों में कोई नाबालिग थी या नहीं। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुछ लड़कियां नाबालिग प्रतीत हो रही थीं।लोगो का कहना कि पूरी कार्रवाई केवल धनउगाही के उद्देश्य से की गई और बाद में सभी को छोड़ दिया गया। सबसे अहम सवाल यह उठ रहा है कि ऐसे संवेदनशील मामले में महिला पुलिसकर्मियों को साथ क्यों नहीं लिया गया। वहीं उपजिलाधिकारी योगिता सिंह से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। 

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ