20 मई को बंद रहेंगी दवा दुकानें, केमिस्ट्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन

दीपक श्रीवास्तव 
20 मई को बंद रहेंगी दवा दुकानें, केमिस्ट्स एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
ऑनलाइन दवा बिक्री और भारी डिस्काउंट के विरोध में देशव्यापी बंद का समर्थन


जौनपुर। केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स वेलफेयर एसोसिएशन जौनपुर ने अखिल भारतीय संस्था एआईओसीडी (ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स) के आह्वान पर 20 मई को प्रस्तावित देशव्यापी दवा दुकान बंदी के संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। कलेक्ट्रेट परिसर में सिटी मजिस्ट्रेट को बंदी की सूचना एवं मांगों से संबंधित पत्रक दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष दिवाकर सिंह के नेतृत्व में महामंत्री बंशीधर मौर्य, कोषाध्यक्ष श्याम सिंह, चेयरमैन शकील अहमद, कार्यवाहक अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, कार्यवाहक महामंत्री अखिलेश श्रीवास्तव, ऑडिटर सुनील गुप्ता तथा मीडिया प्रभारी अखिलेश प्रजापति मौजूद रहे। संस्था की ओर से औषधि निरीक्षक रजत पाण्डेय को भी बंदी की सूचना से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
पत्रकारों से बातचीत में दिवाकर सिंह ने बताया कि देशभर के 12 लाख से अधिक दवा व्यवसायी 20 मई को अपनी दुकानें बंद रखेंगे। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन दवाओं की बिक्री पर रोक लगनी चाहिए, क्योंकि ड्रग एक्ट के अनुसार दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट द्वारा ही की जानी चाहिए, जबकि ऑनलाइन कंपनियां इसका पालन नहीं कर रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से नारकोटिक्स, शेड्यूल H1, हैबिट मेकिंग और नकली दवाओं की बिक्री हो रही है, जो आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन रही है। साथ ही बाजार में नकली दवाओं की रोकथाम के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं होने पर भी चिंता जताई गई।
दिवाकर सिंह ने कहा कि कॉर्पोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट से बाजार में असमानता बढ़ रही है, जिससे छोटे दवा व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे डिस्काउंट नकली दवाओं के कारोबार को भी बढ़ावा देते हैं, जिसका संगठन विरोध करता है।

कोई टिप्पणी नहीं

एक टिप्पणी भेजें

मुख्यपृष्ठ